छत्तीसगढ़
निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी, दो नाबालिग पकड़े गए
Shantanu Roy
7 Oct 2026 10:43 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली का वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं चोरी का वायर खरीदने वाले दो कबाड़ी संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों और अपचारी बालकों से चोरी किया गया बिजली वायर बरामद किया है। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पियूष शर्मा ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका त्रिवेणी विहार, पचपेड़ी नाका में निर्माणाधीन मकान है। 11 सितंबर 2026 की शाम करीब 6.30 बजे वह मकान के सभी कमरों के दरवाजों में ताला लगाकर मुंबई चले गए थे। 22 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जब वह मुंबई से वापस लौटे और त्रिवेणी विहार स्थित अपने निर्माणाधीन मकान के मेन गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो उन्हें कमरों के दरवाजों पर लगे ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने जांच की तो कमरों में लगाया गया बिजली का वायर गायब था।
इसके बाद पियूष शर्मा ने घटना की सूचना टिकरापारा पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 896/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया ने गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता से विस्तार से पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने निर्माणाधीन मकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर भी लगाए गए।
जांच के दौरान पुलिस को चोरी की घटना में शामिल लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों ने निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों बालकों ने चोरी किए गए बिजली वायर को कबाड़ी संचालक इजहार अहमद और निर्मल कुमार को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों कबाड़ी संचालकों की तलाश शुरू की और उन्हें पकड़ लिया।
चोरी का सामान खरीदने के आरोप में निर्मल कुमार और इजहार अहमद के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का बिजली वायर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में निर्मल कुमार, पिता वकील शाह, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुमित बाजार के पास लाखे नगर, पुरानी बस्ती थाना और इजहार अहमद उर्फ बच्चा, पिता ताज मोहम्मद, उम्र 45 वर्ष, निवासी भैरव नगर, संतोषी नगर, थाना टिकरापारा शामिल हैं। मामले में बीएनएस की धारा 331(4), 305, 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों कबाड़ी संचालकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों विधि के साथ संघर्षरत बालकों के खिलाफ किशोर न्याय से संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि पकड़े गए आरोपियों और अपचारी बालकों की किसी अन्य चोरी की वारदात में भूमिका रही है या नहीं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
Next Story





