छत्तीसगढ़

नकली नोट थमाकर बुजुर्ग महिला से ठगी, जेवरात लेकर शातिर फरार

Nil dhankar
4 April 2026 11:52 AM IST
नकली नोट थमाकर बुजुर्ग महिला से ठगी, जेवरात लेकर शातिर फरार
x
छग

दुर्ग। व्यस्त हटरी बाजार इलाके में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया है। ठगों ने झांसा देकर महिला के करीब 1.50 लाख रुपए के सोने के जेवर पार कर दिए। आरोपियों ने महिला को कागज की गड्डी दिखाकर बातों में उलझाया और उनके असली जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बालोद जिले के डौंडी की रहने वाली 68 वर्षीय लक्ष्मी जैन मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे दुर्ग के हटरी बाजार स्थित प्रदीप ग्रीन स्टोर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पास एक महिला और दो पुरुष आए। ठगों ने बड़ी ही चालाकी से महिला को दो नोटों के बंडल दिखाए। जब लक्ष्मी जैन ने करीब से देखा तो वे नोट नहीं बल्कि कागज के बंडल थे। ठगों ने महिला को अपनी बातों के जाल में फंसा लिया।

ठगों ने लक्ष्मी जैन से कहा कि वे अपने पहने हुए जेवर उन्हें दिखाएं। बुजुर्ग महिला उनकी बातों में आ गईं और अपनी सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियां उतारकर उन्हें दे दीं। ठगों ने उन जेवरों को एक कपड़े में बांधने का नाटक किया और चुपके से जेवर बदल दिए। इसके बाद उन्होंने महिला को सुरक्षित घर जाने का झांसा देकर एक ई-रिक्शा में बैठा दिया।

जब लक्ष्मी जैन ई-रिक्शा में बैठकर कुछ दूर आगे बढ़ीं और उन्होंने पोटली खोलकर देखी तो कपड़े के अंदर सोने के जेवर की जगह प्लास्टिक की चूड़ियां और पत्थर बंधे हुए थे। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी अपने बेटे आलोक जैन को दी और फिर सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

Next Story