
कोरबा। छत्तीसगढ़ में 28 दिन के भीतर ठंड से तीसरी मौत हुई है। कोरबा के सरईसिंगार निवासी हरप्रसाद भैना (55) की जान गई है। उनकी लाश कसईपाली के यात्री प्रतीक्षालय में मिली। हरप्रसाद मंगलवार को रलिया गांव में छठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे।
रात की ठंड में थकान के कारण वे प्रतीक्षालय में सो गए थे। बुधवार सुबह लोगों ने उनकी लाश देखी। शव की स्थिति और मौके की परिस्थिति देखकर उनकी ठंड से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगी। परिजन ने किसी तरह का शक या संदेह नहीं जताया। मृतक की जेब से मिला पर्स, जिस पर हरप्रसाद भैना, सरईसिंगार लिखा था, जिससे पुलिस ने उनकी पहचान की। इससे पहले अंबिकापुर में ठंड से दो लोगों की जान गई थी।
वहीं इस बीच मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कुछ जगहों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है। ठंड के कारण राज्य के कई शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है, और उत्तरी हिस्सों में इसका असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।





