छत्तीसगढ़

जमीन बेचने के नाम पर बुजुर्ग से 18 लाख की ठगी, तीन पर FIR दर्ज

Shantanu Roy
15 Sept 2026 6:58 PM IST
जमीन बेचने के नाम पर बुजुर्ग से 18 लाख की ठगी, तीन पर FIR दर्ज
x
छग
Surguja. सरगुजा। जमीन बेचने में मदद करने के नाम पर 65 वर्षीय बुजुर्ग से 18 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन जमीन दलालों ने बुजुर्ग की जमीन का दो बार बिक्री अनुबंध कराया और दूसरे सौदे में मिले 18 लाख रुपये के चेक को लेकर रकम निकाल ली। इसके बाद बुजुर्ग को कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई और जेल जाने का डर दिखाया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के पाठकपुर निवासी रामनाथ यादव (65) की जमीन अंबिकापुर से लगे चिखलाडीह में है। रामनाथ अपनी जमीन बेचना चाहते थे और इसके लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनका परिचय रनपुर निवासी मो. इस्लाम अंसारी, संजयपार्क कॉलोनी निवासी किशन तिवारी और दर्रीपारा निवासी अनिकेत चौधरी से हुआ। शिकायत के अनुसार तीनों ने रामनाथ को जमीन बेचने में मदद करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद 10 अक्टूबर 2025 को उप पंजीयक कार्यालय में रंजू देवी के नाम जमीन बिक्री का अनुबंध कराया गया।
करीब दो महीने बाद 3 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने रामनाथ को बताया कि उनकी जमीन का सौदा दुखु खमारी से 50 लाख रुपये में तय हुआ है। इसके बाद उप पंजीयक कार्यालय में जमीन को लेकर दूसरा अनुबंध कराया गया। इस सौदे के दौरान दुखु खमारी की ओर से जमीन मालिक रामनाथ यादव के नाम 18 लाख रुपये का चेक दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है। आरोप है कि इसके बाद तीनों दलालों ने रामनाथ से 18 लाख रुपये का चेक अपने पास ले लिया। बुजुर्ग को यह कहकर डराया गया कि एक ही जमीन को बेचने के लिए दो बार अनुबंध किया गया है और इसकी शिकायत होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है तथा उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर चेक की 18 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई। बाद में रामनाथ ने अपनी रकम के बारे में पूछा तो उन्हें अलग-अलग अधिकारियों और कर्मचारियों को पैसे देने की कहानी बताई गई। आरोपियों ने कथित तौर पर बुजुर्ग से कहा कि 18 लाख रुपये में से 9 लाख रुपये पुलिस, 5 लाख रुपये कलेक्टर कार्यालय के एक बाबू और 4 लाख रुपये उप पंजीयक को दिए गए हैं। साथ ही कहा गया कि जमीन की रजिस्ट्री होने पर मिलने वाली शेष रकम उन्हें दे दी जाएगी। रकम नहीं मिलने पर बुजुर्ग ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मो. इस्लाम अंसारी, अनिकेत चौधरी और किशन तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के मुताबिक प्रकरण की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों, बैंक लेनदेन, जमीन के दोनों अनुबंधों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Next Story