रायपुर में ई-रिक्शा चालक ने की हत्या की कोशिश, चाकू मारकर फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े चाकूबाजी की एक गंभीर वारदात सामने आई है। गंज थाना के पास एक युवक पर ई-रिक्शा चालक ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकहारा) में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान लोकेश वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर ई-रिक्शा चालक और लोकेश वर्मा के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। विवाद के दौरान ई-रिक्शा चालक ने अपने पास रखे चाकू से लोकेश पर हमला कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, लोकेश वर्मा की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसे गहरी चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी ई-रिक्शा चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





