छत्तीसगढ़

ई-रिक्शा की बैटरी चोरी, महिला चालक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

Shantanu Roy
4 Nov 2025 11:06 PM IST
ई-रिक्शा की बैटरी चोरी, महिला चालक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के बोरियाखुर्द क्षेत्र स्थित आरडीए कॉलोनी में एक महिला ई-रिक्शा चालक की ई-रिक्शा से बैटरी चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरडीए कॉलोनी बोरियाखुर्द निवासी एक महिला, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है, ने बताया कि वह अपनी ई-रिक्शा रोजाना घर के सामने ही खड़ी करती है। 29 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग सात बजे उसने ई-रिक्शा को घर के बाहर खड़ा किया था।

पीड़िता ने बताया कि 31 अक्टूबर की सुबह जब वह उठी तो देखा कि रिक्शा की सीट का कुंडी खुली हुई थी। संदेह होने पर जब उसने अंदर देखा, तो पाया कि वहां रखी ईस्टमैन कंपनी की चार बैटरियां गायब थीं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई जा रही है। महिला ने बताया कि चोरी का पता चलने के बाद उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। दो दिनों तक स्वयं तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तब 3 नवंबर को उसने थाना पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना रात में की गई प्रतीत होती है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कुछ दिनों से रात के समय संदिग्ध लोग घूमते देखे गए हैं। इससे पहले भी इसी इलाके में दोपहिया वाहन की बैटरी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। महिला चालक का कहना है कि उसकी ई-रिक्शा ही परिवार की आय का मुख्य साधन है। बैटरी चोरी होने से उसकी आजीविका पर असर पड़ा है। उसने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ेगी और उसकी बैटरियां बरामद करेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
Next Story