छत्तीसगढ़
उरगा पुलिस की दोहरी कार्रवाई, पॉक्सो आरोपी और महुआ शराब बेचने वाला गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Oct 2026 7:49 PM IST

x
छग
Korba. कोरबा। उरगा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपी सहित अवैध महुआ शराब बेचने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में उरगा थाना पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों के साथ-साथ अवैध शराब के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पहला मामला नाबालिग बालिका से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजन ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। परिजन ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 520/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
विवेचना के दौरान बालिका ने बाल कल्याण समिति और न्यायालय के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत बयान दिया। पुलिस के मुताबिक, बयान में आरोपी मुकेश यादव द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने, जबरदस्ती छेड़छाड़ करने और पूर्व में दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 65(1), 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 8 जोड़ी। इसके बाद आरोपी मुकेश यादव, पिता भारत यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को विशेष न्यायालय एफटीएससी कोरबा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दूसरा मामला अवैध शराब बिक्री से जुड़ा है। 5 अक्टूबर 2026 को उरगा थाना की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अजीत खुटे, पिता बुलटुराम खुटे, उम्र 43 वर्ष, निवासी खोडडल, थाना उरगा बताया। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बाजारू थैले की तलाशी ली। इस दौरान पारदर्शी पन्नी में भरी करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब रखने और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोरबा पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चों से संबंधित गंभीर अपराधों के आरोपियों के साथ-साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





