छत्तीसगढ़

नशे में धुत ASI ने कार को मारी टक्कर, दोबारा ठोंका हंगामे के बाद कार्रवाई

Shantanu Roy
27 Sept 2026 8:19 PM IST
नशे में धुत ASI ने कार को मारी टक्कर, दोबारा ठोंका हंगामे के बाद कार्रवाई
x
छग
Korba. कोरबा। कोरबा शहर में एक पुलिस अधिकारी पर नशे की हालत में वाहन चलाने और सड़क पर हंगामा करने का आरोप लगा है। कुसमुंडा थाने में पदस्थ ASI अश्वनी वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने नशे में धुत होकर सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी पीछे लेकर दोबारा उसी कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और ASI के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित मस्जिद के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ASI अश्वनी वर्मा देर रात ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद ASI ने कार को पीछे लिया और दोबारा उसी वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर कार मालिक और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने जब इस घटना का विरोध किया तो ASI कार से उतरकर कार मालिक से बहस करने लगे। लोगों का आरोप है कि ASI उस समय नशे की हालत में थे। उनकी स्थिति इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और बार-बार लड़खड़ा रहे थे। पुलिस अधिकारी की इस हरकत को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि ASI की हालत को देखते हुए उनकी कार को दूसरा पुलिसकर्मी चलाकर वहां से ले गया। वहीं ASI को दूसरे वाहन से ले जाया गया। मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ASI अश्वनी वर्मा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। यह धारा शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने से संबंधित है।
घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को खुद नियमों का पालन करना चाहिए। बताया जा रहा है कि ASI अश्वनी वर्मा से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ मारपीट से जुड़ा मामला सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, वर्तमान मामले में पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
Next Story