छत्तीसगढ़
ड्रंक एंड ड्राइव: एक रात में 165 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए, कोर्ट में लगी जुर्माने की भीड़
Shantanu Roy
13 April 2026 9:45 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक ही रात में 165 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई 12 अप्रैल 2026 की रात कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत 9 अलग-अलग स्थानों पर की गई। अभियान का नेतृत्व डीसीपी यातायात विकास कुमार ने किया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी वाहन चालकों के खिलाफ एम.वी. एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस वर्ष जनवरी से अब तक रायपुर पुलिस द्वारा कुल 2300 नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें प्रत्येक मामले में न्यायालय द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह चालक के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। अभियान के दौरान पकड़े गए सभी वाहन चालकों के खिलाफ चालान तैयार कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई मामलों में कोर्ट में चालान जमा कराने के दौरान भी भीड़ देखने को मिली, जहां लोग जुर्माना भरने के लिए कतार में खड़े नजर आए। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं की जाती, बल्कि इसका उद्देश्य केवल सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम है। यातायात पुलिस ने कहा कि इस अभियान को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। पुलिस ने यह भी कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाना अपने जीवन के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकता है, इसलिए इससे बचना जरूरी है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
Next Story





