छत्तीसगढ़
OLX के जरिए 2 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार
Shantanu Roy
13 April 2026 6:10 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने OLX के माध्यम से कैमरा खरीदने के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की पुरानी बस्ती थाना और एसीसीयू (सायबर सेल) की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को OLX पर कैमरा खरीदने के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को “ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर” बताकर भरोसा दिलाया और अलग-अलग UPI आईडी के माध्यम से कुल 2 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पैसे प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और संपर्क तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और एडिशनल डीसीपी राहुल शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की गहन जांच की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम को बिहार रवाना किया गया। टीम ने समस्तीपुर जिले में स्थानीय पुलिस की सहायता से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार महतो (38 वर्ष), निवासी यादव टोला, मुसापुर, थाना घटहो, जिला समस्तीपुर और सुबोध कुमार सिंह (25 वर्ष), निवासी फतेहपुर वाला, थाना मुसरी घरारी, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा गिरोह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर लोगों को झांसे में लेता था और फर्जी पहचान बनाकर ठगी करता था। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।
रायपुर पुलिस ने बताया कि डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचना संभव हुआ और समय रहते कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जा रहा है, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने इस मामले को गंभीर साइबर अपराध मानते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि OLX, सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीद-फरोख्त करते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अग्रिम भुगतान करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। UPI या किसी अन्य ऑनलाइन माध्यम से पैसे भेजने से पहले सतर्कता बरतना आवश्यक है। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई है।
Next Story





