छत्तीसगढ़

परमेश्वरी रत्न से अलंकृत हुए डॉ अंकुश देवांगन

Nilmani Pal
13 Nov 2025 12:19 PM IST
परमेश्वरी रत्न से अलंकृत हुए डॉ अंकुश देवांगन
x

भिलाई। सुप्रसिद्ध मूर्तिकार डॉ. अंकुश देवांगन को समाज ने प्रथम परमेश्वरी रत्न से अलंकृत किया। यह अलंकरण उन्हें मूर्तिकला और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए समाज अध्यक्ष घनश्याम देवांगन तथा सचिव विनोद देवांगन के हाथों प्रदान किया गया। इस दौरान समाज के समस्त पदाधिकारी तथा समाज के विशिष्ठ पुरोधागण उपस्थित थे। प्रथम परमेश्वरी रत्न पुरस्कार प्राप्त करने पर छत्तीसगढ़ के प्रख्यात मॉडर्न आर्ट चित्रकार डी.एस. विद्यार्थी, बी.एल.सोनी, मोहन बराल, प्रवीण कालमेघ मीना देवांगन, साहित्यकार मेनका वर्मा के साथ ही ललित कला से जुड़े हुए देश भर के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने उन्हें बधाई दी है।

ज्ञात हो कि अंकुश देवांगन ने न सिर्फ छत्तीसगढ़ वरन पूरे भारत में एक से बढ़कर एक कलाकृतियों का निर्माण किया है। भिलाई में भव्य कृष्ण अर्जुन रथ, रूआबाधा का पंथी चौक, बोरिया गेट का प्रधानमंत्री ट्राफी चौक, सेक्टर 1 का श्रमवीर चौक, भिलाई निवास के नटराज के अलावा उन्होंने सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेला हरियाणा, वसुंधरा उद्यान दुर्गापुर स्टील प्लांट में सैकड़ो मूर्तियां बनाई है।

पुरखौती मुक्तागन रायपुर, मदकूद्वीप, दल्ली राजहरा स्थित विश्व का सबसे बड़ा लौहरथ जो कि छह मंजिल इमारत जितना ऊंचा है उनके कालजयी कलाकृतियों का गवाह है। उन्होंने जहां-जहां भी कलाकृतियां बनाई है कालांतर में वे सभी स्थान पर्यटन स्थल के रूप मे प्रसिद्ध हो चुके हैं। जिससे उनके कला की उत्कृष्टता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वे सिर्फ बड़ी-बड़ी मूर्तियां ही नहीं बनाते हैं बल्कि सूक्ष्म से सूक्ष्मतम मूर्तियों का भी निर्माण करते हैं। उनके द्वारा बनाई गई दुनिया की सबसे छोटी गणेश प्रतिमा सरसो के दाने से भी बीस गुनी छोटी है जिसे लंदन के गिनीज बुक कार्यालय में संग्रहित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित इलाकों में वे लगभग 37 वर्षों से कलाप्रदर्शनी तथा प्रशिक्षण देते आ रहे हैं ताकि यहां के बच्चे हिंसा के क्षेत्र में न जाएं। जिसका उचित प्रतिफल भी सामने आते रहा है। वे छत्तीसगढ़ के पहले कलाकार हैं जो नई दिल्ली में भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ललित कला अकादमी के एक्जीक्यूटिव बोर्ड मेम्बर बने हैं। अंकुश ने सम्मानित किए जाने पर समाज के समस्त कर्णधारों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।

Next Story
null