छत्तीसगढ़

डॉक्टर को कोरियर कंपनी ने लगाया चूना, 5 लाख की ठगी

Nil dhankar
15 Oct 2025 11:50 AM IST
डॉक्टर को कोरियर कंपनी ने लगाया चूना, 5 लाख की ठगी
x
छग

बिलासपुर। शहर के एक डॉक्टर को कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 4 लाख 89 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कंपनी के मालिक और उसके सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगला आजाद चौक स्थित महामाया विहार निवासी डॉ. लक्ष्मण श्रीवास (31) कोरियर सेवा शुरू करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने मध्यप्रदेश के बालाघाट स्थित एसक्यू लॉजिस्टिक कोरियर कंपनी से संपर्क किया। कंपनी के मालिक समुद्र सिंह भाठी और उनके सहयोगी दुर्गा प्रसाद बांगरे ने डॉक्टर को फ्रेंचाइजी देने का प्रस्ताव दिया और इसके बदले 5 लाख रुपए की मांग की। डॉ. श्रीवास ने उन पर भरोसा करते हुए 4.89 लाख रुपए एक साल पहले अलग-अलग तारीखों पर फोन पे के जरिए भेज दिए। लेकिन फ्रेंचाइजी प्रक्रिया में कंपनी की ओर से लगातार देरी होती रही। इससे परेशान होकर डॉक्टर ने फ्रेंचाइजी लेने से इनकार किया और रकम वापसी की मांग की।

कंपनी की तरफ से 45 दिनों में रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में कहा गया कि जब तक किसी अन्य व्यक्ति को उनकी जगह फ्रेंचाइजी नहीं दी जाती, तब तक पैसे नहीं लौटाए जाएंगे। इतना ही नहीं, इस संबंध में कोई एग्रीमेंट भी नहीं किया गया, जो तय शर्तों के पूरी तरह खिलाफ था।

काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी रकम नहीं मिलने पर डॉ. श्रीवास ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद कंपनी संचालक समुद्र सिंह भाठी और सहयोगी दुर्गा प्रसाद बांगरे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला कायम किया है।

Next Story
null