
कबीरधाम। जिले में बीते 3 नवंबर से चल रही जिला सहकारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर गोपाल वर्मा से मुलाकात कर हड़ताल स्थगन का पत्र सौंपा। जिला सहकारी संघ की ओर से कहा गया कि शासन द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। किसानों के हित को देखते हुए जिला सहकारी संघ के समस्त कर्मचारी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करते हैं और 21 नवंबर, शुक्रवार से अपने कार्य पर लौट जाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, संयुक्त कलेक्टर आर बी देवांगन, उप पंजीयक सहकारिता जी एस शर्मा, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, डीएमओ अभिषेक मिश्रा, सीसीबी नोडल आर पी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व जिला सहकारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
दूसरी ओर कबीरधाम जिले में धान खरीदी अब रफ्तार पकड़ चुकी है। खरीफ वर्ष 2025 के तहत बीते 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के अंतर्गत 5 दिनों में अब तक जिले में 64 हजार 61 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। 1377 किसानों ने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर अपना धान बेचा है। धान खरीदी पर किसानों को 11.81 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
शासन ने किसानों की सुविधा के लिए खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली के साथ खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। जिससे किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान बेचने के पश्चात भुगतान जारी करने की प्रक्रिया भी साथ साथ चल रही है। जिससे किसानों में धान खरीदी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार ने धान खरीदी को सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा है। जिसके तहत खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।





