छत्तीसगढ़

गुपचुप ठेले पर विवाद, पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, दो घायल

Shantanu Roy
22 May 2026 7:10 PM IST
गुपचुप ठेले पर विवाद, पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, दो घायल
x
छग
Dongargarh. डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में गुपचुप ठेला लगाने वाले पिता-पुत्र पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना वार्ड क्रमांक 3 स्थित खैरागढ़ रोड की बताई जा रही है, जहां बीती रात मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, विवाद गुपचुप खाने और अधिक मात्रा में देने की बात को लेकर शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और घायल पिता-पुत्र को सुरक्षित निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खैरागढ़ रोड पर रोज की तरह देर रात गुपचुप ठेला लगा हुआ था, जहां ग्राहक आने-जाने का सिलसिला जारी था। इसी दौरान कुछ युवक पहुंचे और खाने के दौरान विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही हिंसा में बदल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। नागरिकों का कहना है कि देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियां और युवकों की गैंगबाजी के कारण छोटे विवाद भी गंभीर रूप ले रहे हैं। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Next Story