छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को जिम्मेदार नागरिक बनने किया प्रेरित

Nil dhankar
31 July 2026 2:18 PM IST
धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को जिम्मेदार नागरिक बनने किया प्रेरित
x

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानून संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संबलपुर (धमतरी) में धमतरी पुलिस यातायात द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव एवं नए आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया। साथ ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं सड़क पर अनुशासित व्यवहार सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, OTP, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राहवीर (Good Samaritan) योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों के लिए शासन द्वारा दिए जाने वाले प्रोत्साहन एवं प्रशस्ति-पत्र के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मानवता एवं संवेदनशीलता के साथ दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय में लगभग 220 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर यातायात, साइबर सुरक्षा, नए कानूनों एवं पीएम राहवीर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Next Story