छत्तीसगढ़

सट्टा नेटवर्क पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार

Nil dhankar
19 Jun 2026 4:45 PM IST
सट्टा नेटवर्क पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
x

धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से संबंधित दो अलग-अलग प्रकरणों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रथम प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली धमतरी के अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 7(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत दर्ज मामले की विवेचना के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में संलिप्त तुषार यादव उर्फ सुजल पिता श्याम यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी रिसाईपारा वार्ड क्रमांक 15, धमतरी की संलिप्तता पाए जाने पर उसे तलब कर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि इसी प्रकरण में पूर्व में शंकर मंगलानी निवासी बनियापारा धमतरी एवं मनमोहन पटेल उर्फ छोटू पटेल निवासी शिव मंदिर चौक, बनियापारा धमतरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वहीं दूसरे प्रकरण अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी आयुष वाधवानी से प्राप्त जानकारी, तकनीकी साक्ष्य एवं जांच के आधार पर अमित नेभानी पिता किशोर नेभानी, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 48, गुरु घासीदास वार्ड, गली नंबर 02, तेलीबांधा, रविग्राम, रायपुर की भूमिका प्रकाश में आई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपीगण विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एवं एक्सचेंज वेबसाइटों के माध्यम से आईपीएल एवं अन्य क्रिकेट मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालन में संलिप्त थे। प्रकरणों में जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। धमतरी पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा एवं साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी का नाम

तुषार यादव उर्फ सुजल पिता श्याम यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी रिसाईपारा वार्ड क्रमांक 15, धमतरी।

अमित नेभानी पिता किशोर नेभानी, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 48, गुरु घासीदास वार्ड, गली नंबर 02, तेलीबांधा रविग्राम, रायपुर।

Next Story