छत्तीसगढ़

डेटोनेटर ब्लास्ट, मोबाइल दुकान में हुई बड़ी घटना

Nilmani Pal
5 April 2026 6:00 PM IST
डेटोनेटर ब्लास्ट, मोबाइल दुकान में हुई बड़ी घटना
x

जांजगीर-चांपा। जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक मोबाइल दुकान में देर रात डेटोनेटर ब्लास्ट किया गया. घटना के समय दुकानदार शटर बंद कर भीतर काम कर रहा था, तभी अज्ञात आरोपियों ने शटर के नीचे के भीतर डेटोनेटर फेंक दिए. खतरे को भांपते हुए युवक ने उसे लात मारकर बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन जोरदार धमाका हो गया, जिससे उसके पैर में चोट आई. विस्फोट की वजह से दुकान के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने दुकान में एक साथ 4 डेटोनेटर फेंका था, जिसमें से एक एक्टिव होकर ब्लास्ट हो गया. राहत की बात रही कि संचालक ने समय रहते डेटोनेटर को दुकान से बाहर कर दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई.

घटना की जानकारी पर मुलमुला पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. रविवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूतों को एकत्रित किया. डीएसपी प्रदीप सोरी ने घायल भूपेंद्र साहू से पूछताछ की. इस दौरान भूपेंद्र ने बताया कि उसे रमन केवट नाम के व्यक्ति पर संदेह है. शनिवार को रमन और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था, जिसे शांत कराने वह वहां गया था. आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर आरोपी ने उससे रंजिश रखी होगी. बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने रमन केवट को हिरासत में लिया गया है.

Next Story