छत्तीसगढ़

हाई अलर्ट के बावजूद राजधानी में चाकूबाजी, छेड़छाड़ का विरोध करना भाई को पड़ा भारी

Nilmani Pal
29 Nov 2025 11:51 AM IST
हाई अलर्ट के बावजूद राजधानी में चाकूबाजी, छेड़छाड़ का विरोध करना भाई को पड़ा भारी
x

रायपुर। राजधानी में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जारी हाई अलर्ट के बीच शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां सुरक्षा व्यवस्था में शहर की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी, वहीं दूसरी ओर बदमाशों ने बेखौफ होकर चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दे दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती के भाई पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

घटना रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक रौनक तांडी अपनी बहन के साथ घर के पास ही किसी काम से निकला हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र के ही बदमाश हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबो सैंदरे और ईशान दीप ने युवती से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की कोशिश की। रौनक ने इसका विरोध किया और बदमाशों को फटकार लगाई। विरोध से नाराज होकर आरोपियों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज की, फिर अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में रौनक के शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के हाथ, सीने और पीठ पर चाकू के कई निशान हैं, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना स्थल पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक टीम गठित की। प्रारंभिक जांच में सभी आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिल चुकी हैं। राजधानी में हाई अलर्ट के दौरान इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल का अधिकांश हिस्सा व्यस्त था, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया। स्थानीय निवासियों ने कहा कि इलाके में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं और शाम के बाद आए दिन ऐसे युवकों का जमावड़ा देखने को मिलता है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों पर हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हाई अलर्ट के बावजूद हुई यह वारदात एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करती है।

Next Story
null