छत्तीसगढ़

राहुल गांधी के पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी सलाह

Nil dhankar
15 Nov 2025 4:33 PM IST
राहुल गांधी के पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी सलाह
x

रायपुर/पटना। बिहार चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उन्हें एक सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष की जिम्मेदारी को समझें। बिहार में विधानसभा चुनाव के परिणाम में एनडीए गठबंधन ने 202 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत हासिल की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव परिणाम के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया महागठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। राहुल गांधी के पोस्ट पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि क्या वो ये कह रहे हैं कि बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है वो गलत है? क्या वो ये कहना चाह रहे हैं कि बिहार की जनता ने गलती की है? क्या वो ये कहना चाह रहे हैं कि बिहार की जनता समझदार नहीं है? क्या वो ये कह रहे हैं कि चुनाव सही से नहीं हुए? उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया होती है और उस प्रक्रिया में हर बूथ पर हर राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में फॉर्म भरे जाते हैं। उन्हें इस पर ध्यान देना चाहिए, इसे समझना चाहिए और अपनी जिम्मेदारी पहचाननी चाहिए।

विजय शर्मा ने कहा कि बिहार की जनता ने जंगलराज को समाप्त किया और सुशासन और विकास का चयन किया। मैं जनता का अभिनंदन करता हूं। अगले साल होने वाले बंगाल चुनाव पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार की ओर से बंगाल में घुसपैठियों को आश्रय दिया जा रहा है। ये पूरे देश और भारतीय समाज के लिए घातक है। इसलिए इस बार बंगाल की जनता ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़कर फेंक देगी।

Next Story
null