छत्तीसगढ़

साइबर ठगी से बचाव हेतु स्कूली बच्चों के लिए साइबर मितान कार्यक्रम आयोजित

Nilmani Pal
17 Oct 2025 4:55 PM IST
साइबर ठगी से बचाव हेतु स्कूली बच्चों के लिए साइबर मितान कार्यक्रम आयोजित
x

पेंड्रा। बच्चों और युवाओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और इंटरनेट सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज मल्टीपरपस स्कूल पेण्ड्रा के असेम्बली हॉल में साइबर मितान कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान थे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन गेम और सोशल मीडिया के जोखिमों के बारे में बताया और पास्को एक्ट से संबंधित जानकारी दी गई। डीएसपी निकिता तिवारी ने कहा कि बच्चों को इंटरनेट का उपयोग सावधानी से करना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध संदेश या लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

साइबर सेल के अधिकारी मनोज हनोतिया ने बच्चों को समझाया कि रुको, सोचो, फिर आगे बढ़ो यही इंटरनेट पर सुरक्षित रहने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (एजीआई) तकनीक तेजी से विकसित होगी, ऐसे में साइबर सुरक्षा की जानकारी सभी के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड होता है, तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को साइबर सुरक्षा से जुड़े पम्पलेट वितरित किए और सतर्क डिजिटल नागरिक बनने की अपील की गई। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रणछोर सिंह सेंगर, विद्यालय के प्राचार्य रामशरण आर्मो, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी कमलेश कुमार साहू, सहायक कार्यक्रम अधिकारी के के यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Next Story
null