
कोरबा। कोरबा शहर के दादर बस्ती में वार्ड नंबर 34 के पार्षद पति पर एक छात्र की पिटाई का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि विकास चौहान ने उनके घर के 14 साल के बेटे को बेरहमी से पीटा है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है छात्र अपनी स्कूटी से कही जा रहा था तभी विकास चौहान और उसके साथियों ने उसे टक्कर मारी। फिर मारपीट शुरू कर दी। आरोप यह भी है कि पार्षद पति उस वक्त शराब के नशे में था। शिकायत के अनुसार, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला यह छात्र अपनी एक्टिवा से गांव में अपनी बड़ी मां के घर जा रहा था। इसी दौरान पार्षद पति विकास चौहान और उनके दो अन्य साथी कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर जा रहे थे।
आरोप है कि उन्होंने छात्र को ठोकर मारी और फिर उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। छात्र हाथ-पांव जोड़ता रहा, लेकिन पार्षद पति ने लात-घूसों से उसे पीटते रहे, जबकि उनके साथी मूकदर्शक बने रहे। पिटाई के बाद डरा-सहमा छात्र रोते हुए अपने घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन मानिकपुर चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।





