छत्तीसगढ़

पार्षद ने इंजीनियर को मक्कार कहा, एमआईसी की बैठक में हंगामा

Nil dhankar
28 July 2026 9:14 AM IST
पार्षद ने इंजीनियर को मक्कार कहा, एमआईसी की बैठक में हंगामा
x

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर की हाल ही में आयोजित मेयर-इन-काउंसिल की बैठक के दौरान उठा विवाद गहराता जा रहा है। बैठक में एमआईसी सदस्य बंधू मौर्य द्वारा निगम के समस्त अभियंताओं के लिए मक्कार शब्द का प्रयोग किए जाने के विरोध में पूरा अभियंता संवर्ग लामबंद हो गया है। समस्त अभियंताओं ने एकजुट होकर महापौर, निगम आयुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई है।

अभियंताओं का कहना है कि यह टिप्पणी सामान्य समीक्षा न होकर पूरे संवर्ग की ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और व्यावसायिक प्रतिष्ठा पर सीधा हमला है। संवैधानिक बैठक में इस प्रकार की अपमानजनक भाषा का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे मैदानी स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों का मनोबल बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

इंजीनियरों ने स्पष्ट किया कि वे केवल निर्माण कार्यों का निरीक्षण ही नहीं करते, बल्कि जलप्रदाय, नाली सफाई, सड़क प्रकाश, अतिक्रमण हटाने, आपदा प्रबंधन, चुनाव और नागरिक शिकायतों के निराकरण व अन्य दर्जनों दायित्व संभालते हैं। सीमित संसाधनों, जन प्रतिनिधियों के बार-बार बदलते प्रस्तावों और कर्मचारियों की कमी के बावजूद वे निरंतर काम कर रहे हैं। मामले में अभियंताओं ने शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है, जिससे निगम में हड़कंप मच गया है।

एमआईसी सदस्य के अमर्यादित व्यवहार के विरोध में निगम के समस्त अभियंताओं ने काम के दौरान काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। इंजीनियरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और सम्मानजनक वातावरण नहीं मिलता, तब तक वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।

Next Story