छत्तीसगढ़

बाघ के लिए कूलर का इंतजाम, मैत्री बाग से आया वीडियो

Nilmani Pal
18 April 2026 5:29 PM IST
बाघ के लिए कूलर का इंतजाम, मैत्री बाग से आया वीडियो
x

दुर्ग। जिले में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। ऐसे में जहां लोग गर्मी से परेशान हैं, वहीं चिड़ियाघर के जानवरों को भी राहत देने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। भिलाई के मैत्रीबाग में प्रबंधन ने जानवरों को हीटवेव से बचाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

मैत्री बाग में अभी 5 सफेद बाघ हैं। सभी को गर्मी से राहत दिलाने के लिए खास इंतजाम बीएसपी प्रबंधन द्वारा किए जा रहे हैं। मैत्रीबाग में सबसे ज्यादा ध्यान सफेद बाघों पर दिया जा रहा है। ये बाघ यहां की खास पहचान हैं और गर्मी में ज्यादा संवेदनशील भी होते हैं। शनिवार को राणा और सिंघम को शावर दिया गया। इन्हें राहत देने के लिए दोपहर के समय बाड़े में शॉवर चलाया जा रहा है, जिससे उनके शरीर का तापमान कम रहे। पानी की फुहार से उन्हें ठंडक मिल रही है और वे ज्यादा एक्टिव भी नजर आ रहे हैं।

प्रबंधन ने बाघों के बाड़े में कूलर भी लगाया है। वहीं बचे हुए और भी बाड़ों में हाई पावर कूलर लगाए जाएंगे ताकि बाड़े के अंदर का माहौल ठंडा रखा जा सके। कोशिश है कि उन्हें ऐसा माहौल मिले जैसा जंगल में पेड़ों की छांव और नमी से मिलता है।

Next Story