कमीशन का चक्कर है बाबू भैया! अफसरों की मनमानी से ठेकेदार परेशान

अंबिकापुर। जिस योजना को सरकार की महत्वकांक्षी बताते जनप्रतिनिधि नहीं थकते हैं, उसी का पलीता लगाने में अधिकारी जुटे हुए हैं. ऐसा ही मामला अंबिकापुर में आया है, जहां बीते डेढ़ साल से भुगतान नहीं होने पर जल जीवन मिशन के ठेकेदारों ने पीएचई कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए जल्द भुगतान नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है.
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने रहे ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल सहित अन्य ने अधिकारियों पर अनुबंध के नियमों में लगातार फेरबदल करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही 30 मार्च तक भुगतान के लिए विभाग द्वारा पहल नहीं करने पर ठेकेदार संघ ने कार्यालय में ताला लगाने की चेतावनी दी है.
ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल का कहना है कि लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण करने के साथ ही पाइप लाइन का विस्तार किया गया. नल कनेक्शन भी दिए गए। 6 महीने से पानी टंकी से पानी सप्लाई भी हो रही है, लेकिन अधिकारियों ने बिल रोककर रखा है. अधिकारी कमीशन मांग रहे हैं, और प्रताड़ित कर रहे हैं.





