छत्तीसगढ़

कस्तूरबा छात्रावास में अव्यवस्था पर कलेक्टर सख्त

Shantanu Roy
3 April 2026 7:23 PM IST
कस्तूरबा छात्रावास में अव्यवस्था पर कलेक्टर सख्त
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बिलाईगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आदिवासी छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं की पढ़ाई, भोजन व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति को करीब से देखा और आवश्यक सुधार के लिए कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि छात्रावास में वर्तमान में 82 छात्राएं निवासरत हैं और यहां कक्षा 6वीं से 8वीं तक की पढ़ाई संचालित हो रही है। कलेक्टर ने सबसे पहले भोजन कक्ष का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्राओं से सीधे बातचीत कर भोजन की स्थिति के बारे में जानकारी ली और पूछा कि उन्हें समय पर भोजन मिल रहा है या नहीं।

इसके बाद कलेक्टर ने छात्रावास के कमरों का निरीक्षण किया, जहां छात्राओं के रहने की व्यवस्था, सुविधाएं और कमरों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली। कक्षा 11वीं की छात्रा मीनाक्षी से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने उसकी पढ़ाई और रहने की स्थिति के बारे में पूछा तथा यह भी जाना कि एक कमरे में कितनी छात्राएं रह रही हैं। निरीक्षण के दौरान वाशरूम की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने भोजन व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना जरूरी है। सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए भी निर्देशित किया गया। उन्होंने अधिकारियों को छात्रावास की नियमित निगरानी रखने और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। इस औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए गंभीर है और छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story