
x
छग
Raigarh रायगढ़। जिले में जल जीवन मिशन के तहत लंबे समय से काम बंद रखने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की तैयारी है। कलेक्टर ने मिशन के तहत चल रही नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा है।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। जिले में कई नल-जल योजनाओं का निर्माण कार्य लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य प्रभावित हो रहा है।
कलेक्टर ने समूह नल-जल योजनाओं के लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी और लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में लंबे समय से काम बंद रखने पर मेसर्स प्रीति कंस्ट्रक्शन बिलासपुर और मेसर्स जीतेश्वर साहू बरमकेला को संबंधित एसडीएम के माध्यम से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बंद कार्यों को तत्काल शुरू करवाकर तय समय में पूरा कराने को कहा गया।
अक्टूबर तक 378 योजनाओं का लक्ष्य
जिले को ‘हर घर जल’ बनाने की दिशा में अक्टूबर 2026 तक 378 योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार विस्तृत कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों की जमीनी प्रगति, लंबित देयकों और एसएनए स्पर्श के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए अधूरे कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा गया।
Next Story





