छत्तीसगढ़

CG जाम गटर की सफाई कर रहे थे कर्मचारी अंदर नवजात देख उड़े होश

SHIDDHANT
9 Sept 2026 10:12 PM IST
CG जाम गटर की सफाई कर रहे थे कर्मचारी अंदर नवजात देख उड़े होश
x
छग
Durg दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-2 में बुधवार को गटर की सफाई के दौरान नवजात मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर के अंदर करीब दो से तीन दिन का नवजात दिखाई देने के बाद सफाई कर्मचारियों ने इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर भट्ठी थाना पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक सेक्टर-2 में सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर काफी समय से जाम था। इसके कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों ने समस्या को लेकर बीएसपी प्रबंधन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद बुधवार को गटर की सफाई का काम कराया जा रहा था।
सफाई के दौरान दिखा नवजात
सफाई कर्मचारी गटर से जमा गंदगी निकाल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर अंदर पड़े नवजात पर पड़ी। नवजात को देखते ही कर्मचारियों ने काम रोककर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वार्ड पार्षद हरीश के मुताबिक गटर जाम होने की वजह से पानी निकासी की समस्या बनी हुई थी। शिकायत के बाद सफाई कराई जा रही थी और इसी दौरान नवजात दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
CCTV से सुराग तलाशने की तैयारी
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि नवजात को गटर के अंदर किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। सीएसपी निशांत पाठक के मुताबिक मामले की जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा सकती है। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों के दौरान इलाके में हुई संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की आवाजाही के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर सुराग तलाश सकती है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि नवजात को कब और किसके द्वारा वहां छोड़ा गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है। फिलहाल भट्ठी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और संबंधित तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Next Story