
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के बाद मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। साय सरकार ने कुछ वरिष्ठ अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी है। अब राज्योत्सव से पहले सरकार बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, राज्योत्सव से पहले कई जिलाें के कलेक्टर और एसपी बदले जाएंगे। इस बार कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में फीडबैक के आधार पर कई जिलों के कलेक्टर्स को बदलने की तैयारी की जा रही है। हालांकि छोटे जिलों में अच्छा काम करने वाले कलेक्टर्स को बड़े जिले की जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, कुछ कलेक्टरों का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के कारण भी उनकी जगह बदली जाएगी।
प्रशासनिक फेरबदल के पीछे कई अन्य फैक्टर भी काम कर रहे हैं। इस समय एक-दो आईएएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी में हैं, जबकि कुछ नए अधिकारी भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौट सकते हैं। संभावित फेरबदल की सूची तैयार करने का काम पहले ही शुरू कर दिया गया है।





