छत्तीसगढ़
कलेक्टर शर्मा धवलपुर के आश्रम और स्कूल पहुंचे, बच्चों से किया संवाद
Shantanu Roy
14 Nov 2026 10:23 PM IST

x
छग
Gariaband. गरियाबंद। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज धवलपुर स्थित आदिवासी बालक आश्रम एवं हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की पढ़ाई, आवासीय सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या, खान-पान और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही शिक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों को बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, एसडीएम हितेश्वरी बाघे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव सहित स्कूल के शिक्षक एवं आश्रम के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर शर्मा ने आदिवासी बालक आश्रम धवलपुर में कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के रहने, पढ़ने और भोजन की व्यवस्था का अवलोकन किया। बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है और उनकी आवश्यकताओं के बारे में जाना। कलेक्टर ने आश्रम के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उनके खान-पान, रहन-सहन और पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि बच्चे बिना किसी परेशानी के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
कलेक्टर शर्मा ने हायर सेकेंडरी स्कूल धवलपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की पढ़ाई का जायजा लिया और उनसे सीधे संवाद किया। कक्षा दसवीं में उन्होंने गणित विषय का अध्यापन कराया। इस दौरान विद्यार्थियों से विज्ञान एवं सामान्य जागरूकता से जुड़े प्रश्न पूछे और उनके सवालों तथा जिज्ञासाओं का जवाब भी दिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, विषयों को समझकर पढ़ने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय कर अनुशासन एवं लगन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।
Next Story





