छत्तीसगढ़
कलेक्टर ने महासमुंद के धान उपार्जन केन्द्रों और अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट का किया निरीक्षण
Shantanu Roy
24 Nov 2025 6:44 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज महासमुंद जिले के बिरकोनी एवं सरायपाली विकासखण्ड अंतर्गत विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों और अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों और अधिकारियों से धान खरीदी की प्रक्रिया, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली और केंद्रों पर संचालन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश दिए। कलेक्टर लंगेह ने जंगलबेड़ा, सिरबोड़ा, कुसमीसरार, तोरेसिंहा के उपार्जन केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने किसानों से उनके द्वारा लाए गए धान की मात्रा और उत्पादन संबंधी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान की नमी जांच प्रक्रिया पारदर्शी और मानक अनुसार हो। अधिक नमी वाले धान को स्वीकार न करने और 100 प्रतिशत गेट पास एंट्री दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने खरीदी गई धान की कुल मात्रा और जारी किए गए बारदानों का भौतिक सत्यापन भी कराया। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, छायादार स्थान, त्रुटिरहित धान खरीदी हेतु कांटा-बांट या इलेक्ट्रॉनिक कांटा का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने कैप कवर, बारदाने की व्यवस्था, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और इंटरनेट सुविधा की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्याप्त संख्या में हमाल उपलब्ध कराएं, प्रतिदिन खरीदी गई धान की स्टैकिंग करें और प्रत्येक बोरे पर अनिवार्य रूप से स्टेंसिल लगाएं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी सुचारू, पारदर्शी और किसानों के हित में संचालित हो, इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में कोचियों और बिचौलियों से अवैध धान खरीदी-बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी। कलेक्टर लंगेह ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट सिरपुर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों की जांच, इंटर स्टेट मूवमेंट रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध परिवहन करने वाले वाहन पाए जाने पर उन्हें तत्काल सीज किया जाए और प्रकरण दर्ज किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बिरकोनी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अक्षा गुप्ता, सरायपाली में अनुविभागीय अधिकारी अनुपमा आनंद, संबंधित तहसीलदार और खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आज 9वां दिन है। जिले के 130 समितियों के 182 उपार्जन केन्द्रों में से 155 केन्द्रों में अब तक 2,05,453 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में सभी केंद्रों में किसानों से निर्बाध धान खरीदी की पूरी तैयारी की गई है। वहीं, जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण रोकने के लिए संयुक्त टीम द्वारा सतत कार्रवाई जारी है। अब तक की कार्रवाई में 51 प्रकरणों में 5,071 क्विंटल धान जप्त किया गया है, जो राज्य में सर्वाधिक है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन इस दिशा में निरंतर निगरानी रखेगा।
Tagsकलेक्टर विनय कुमार लंगेहमहासमुंदधान उपार्जन केन्द्रअंतर्राज्यीय चेक पोस्टकिसानों की सुविधाधान नमी जांचन्यूनतम समर्थन मूल्यपारदर्शी धान खरीदीस्टैकिंगबारदानाअवैध धान जप्तनिरीक्षणजंगलबेड़ासिरबोड़ाकुसमीसरारतोरेसिंहासिरपुरCollector Vinay Kumar LangehMahasamundPaddy Procurement CentreInter-State Check PostFarmers' ConveniencePaddy Moisture CheckMinimum Support PriceTransparent Paddy PurchaseStackingGunny BagsIllegal Paddy SeizedInspectionJangalbedaSirbodaKusmisrarToresinghaSirpur
Next Story





