बिलासपुर में CM विष्णुदेव साय ध्वजारोहण कर जनता को करेंगे संबोधित

रायपुर। आज देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न जिलों में मुख्य समारोह आयोजित किए गए हैं, जहां प्रमुख जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे। बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ध्वजारोहण कर जनता को संबोधित करेंगे, जबकि राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। जगदलपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, अंबिकापुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और दुर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इसी कड़ी में प्रदेश की राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। सुबह 9 बजे राज्यपाल रमेन डेका ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर देश की सुरक्षा, अनुशासन और एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
समारोह की परेड में कुल 117 टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा बल (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB) और विशेष आमंत्रित उत्तरप्रदेश पुलिस की टुकड़ी शामिल है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरुष), जेल पुलिस (पुरुष), नगर सेना (पुरुष एवं महिला) तथा एनसीसी के बॉयज और गर्ल्स कैडेट्स भी परेड का हिस्सा रहेंगे। परेड के दौरान पुलिस डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।





