
x
छग
Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेशभर से आईं बहनों और स्व-सहायता समूहों की दीदियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उनके प्रति अपना स्नेह एवं विश्वास व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बहनों के इस आत्मीय स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की बहनों द्वारा राखी बांधकर दिए गए स्नेह और विश्वास ने उन्हें अभिभूत कर दिया है। उन्होंने कहा कि बहनों का यह विश्वास और आशीर्वाद जनसेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की हर बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बने। महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और वे अपने सपनों को पूरा कर सकें, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि प्रदेश की बहनों के लिए उनका ‘विष्णु भैया’ हर कदम पर उनके साथ है। मुख्यमंत्री ने बहनों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का पर्व है। यह पर्व परिवार और समाज में रिश्तों की मजबूती का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने समस्त भाई-बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
Next Story





