छत्तीसगढ़

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान, कहा- 'कोई भी दोषी नहीं बचेगा'

Shantanu Roy
4 Nov 2026 9:55 PM IST
सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान, कहा- कोई भी दोषी नहीं बचेगा
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करोड़ों रुपये के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी सफलता हासिल होने पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने विदेश में छिपे महादेव सट्टा ऐप के मुख्य सरगना और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को भारत वापस लाए जाने (प्रत्यर्पण) पर अपनी त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


मुख्यमंत्री निवास में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "हम सीबीआई और सभी संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को हृदय से धन्यवाद देना चाहेंगे कि उन्होंने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए महादेव सट्टा ऐप के मुख्य अपराधी सौरभ चंद्राकर, जो विदेश में छिपा हुआ था, उसे सफलतापूर्वक भारत लाने का काम किया है।" सीएम साय ने स्पष्ट किया कि मुख्य आरोपी के देश लौटते ही अब मामले की तह तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

आगे की कानूनी और जांच प्रक्रिया पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) आरोपी सौरभ चंद्राकर को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ करेगी। सट्टा ऐप के जरिए किए गए काले कारोबार, वित्तीय अनियमितताओं और पैसों के लेनदेन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस पूछताछ में कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे होने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के इस पूरे अवैध सिंडिकेट और काले साम्राज्य में जो भी प्रभावशाली या अन्य लोग दोषीदार शामिल हैं, उन सभी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तथा राज्य को बदनाम करने वाले हर एक गुनहगार को उसके किए की सजा भुगतनी ही पड़ेगी।
Next Story