रायगढ़ फिर जशपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर रायगढ़ पहुंचेंगे, जहां 12:30 बजे शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे रायगढ़ से जशपुर के लिए रवाना होंगे और 2:30 बजे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने निज निवास ग्राम बगिया जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
साय कैबिनेट की बैठक 23 जून को
CM साय की अध्यक्षता में 23 जून को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मानसून की देरी को देखते हुए खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। धान समेत अन्य फसलों की बुआई की स्थिति, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर भी मंत्रिमंडल मंथन करेगा। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रस्तावों और संशोधित नियमों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के थोक तबादलों के लिए नई स्थानांतरण नीति पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।





