
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर प्रवास के दौरान बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में जशपुर पर्यटन होमस्टे का शुभारंभ किया। इस अवसर पर होमस्टेज़ ऑफ इंडिया और जशपुर जिला प्रशासन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए जिसके तहत ग्राम केरे को राज्य का पहला मॉडल सामुदायिक होमस्टे ग्राम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि इको-पर्यटन, समावेशी विकास और समुदाय-नेतृत्व वाली अर्थव्यवस्था की दिशा में यह पहल जशपुर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।
उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, कांसाबेल में स्मार्ट क्लास का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से बच्चों के लिए पढ़ाई अब और अधिक रोचक, सरल व प्रभावी बनेगी। ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी शहरों जैसी आधुनिक डिजिटल शिक्षा मिलेगी, जो उनकी सीखने की क्षमता को सशक्त कर उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी।
आज जशपुर जिला प्रवास के दौरान कांसाबेल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड का श्रवण किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के ओजस्वी विचार हमें सदैव नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं। संविधान के मूल्यों को मजबूत करते हुए हम विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण के संकल्प को साकार करेंगे।





