छत्तीसगढ़

भंडारा सड़क हादसे पर CM साय ने जताया दुख

Shantanu Roy
11 Sept 2026 4:28 PM IST
भंडारा सड़क हादसे पर CM साय ने जताया दुख
x
छग
Raipur. रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में छोटे बच्चों सहित कई लोगों के निधन की खबर को मुख्यमंत्री ने अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।


मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शोक की इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों के उपचार को लेकर भी राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार और हादसे से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है। यह टीम मौके पर पहुंचकर घायल नागरिकों के उपचार और पीड़ित परिवारों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करेगी।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार महाराष्ट्र सरकार और वहां के स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे से प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में बच्चों सहित कई नागरिकों की जान जाने से संबंधित परिवारों में मातम है। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। घायलों के इलाज से लेकर पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तक सरकार की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
Next Story