छत्तीसगढ़
सीएम हेल्पलाइन से दूर हुई अंधेरे की समस्या, चपले चौक में फिर जगमगाई सोलर हाईमास्ट लाइट
Shantanu Roy
19 Nov 2026 3:02 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के ग्राम चपले चौक में बंद पड़े सोलर हाईमास्ट संयंत्र की समस्या का समाधान किया गया है। शिकायत मिलने पर क्रेडा के जिला एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ ने संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई से समन्वय कर संयंत्र की खराबी दूर कराई। अब सोलर हाईमास्ट फिर से कार्यशील हो गया है और चौक पर रात्रि में रोशनी उपलब्ध हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड खरसिया के ग्राम सोड़का निवासी महेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ग्राम चपले चौक में प्रकाश व्यवस्था के लिए स्थापित सोलर हाईमास्ट संयंत्र के अकार्यशील होने की समस्या उठाई थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्रेडा के जिला कार्यालय एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ द्वारा संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई से संपर्क और समन्वय किया गया। इसके बाद संयंत्र में आई तकनीकी खराबियों को ठीक कर उसे पुनः चालू कर दिया गया। सोलर हाईमास्ट संयंत्र के चालू होने से अब चपले चौक पर रात के समय पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी सुविधा मिल रही है। शिकायत के निराकरण पर आवेदक महेन्द्र सिंह ने संतुष्टि व्यक्त की है। वहीं ग्रामवासियों ने प्रकाश व्यवस्था बहाल होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है। सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं शासन तक पहुंचा सकते हैं। इस व्यवस्था के जरिए प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
Next Story





