छत्तीसगढ़
हनुमान जयंती रैली के दौरान दो पक्षों में झड़प, कई लोग घायल
Shantanu Roy
3 April 2026 7:33 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में हनुमान जयंती के दौरान निकाली गई रैली के समय दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पहले पक्ष के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे हनुमान जयंती रैली खटीक मोहल्ला क्षेत्र से गुजर रही थी। जब रैली डीपी कॉलेज के पास एक मुर्गा दुकान के सामने पहुंची, तब खटीक मोहल्ले के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में रैली में शामिल अंकुश यादव, कुनाल रजक, अजय साहू सहित कई लोगों को चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज की गई और थाने में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, 29 मार्च को अंकुश यादव और उसके साथियों का उनके परिवार से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 2 अप्रैल की रात को जब हनुमान जयंती रैली टिकरापारा यादव मोहल्ला से निकाली जा रही थी, तब आरोपियों ने रास्ते में गाली-गलौज और धमकी दी। दूसरे पक्ष का कहना है कि रात करीब 8:40 बजे जब वे पुराना बस स्टैंड के पास जा रहे थे, तब अंकुश यादव, राहुल गोस्वामी, आदर्श और अजय ने उन्हें घेरकर हाथ-मुक्का, डंडे और नुकीली वस्तु से मारपीट की। इस हमले में एक युवक को सिर, माथा, पैर और पीठ में चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी दादी को भी चोट पहुंची। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





