छत्तीसगढ़

BSP से कॉपर केबल चोरी कर बाइक में छिपाया CISF ने पकड़ा

SHIDDHANT
11 Sept 2026 10:36 PM IST
BSP से कॉपर केबल चोरी कर बाइक में छिपाया CISF ने पकड़ा
x
छग
Bhilai भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के अंदर प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को सीआईएसएफ ने पकड़ लिया। आरोपी कथित तौर पर करीब 20 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल को मोटरसाइकिल में छिपाकर प्लांट परिसर से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था। मामले की सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कॉपर केबल, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 27 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 10 सितंबर 2026 की है। आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर पहुंचा और वहां से 20 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल कथित तौर पर चोरी कर अपनी मोटरसाइकिल में छिपा लिया। वह केबल को संयंत्र परिसर से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया। 11 सितंबर को सीआईएसएफ इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से भिलाई भट्ठी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 44 वर्षीय निर्मल कुमार के रूप में की है। वह स्कूल पारा सकरौद थाना रनचिराई क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के आधार पर उसके कब्जे से चोरी की गई सामग्री और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान में 20 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये है। इसके अलावा एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AW 2616 को जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी से पांच हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह कुल जब्त सामग्री की कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने प्लांट के अंदर प्रवेश करने के बाद स्क्रैप कॉपर केबल को मोटरसाइकिल में छिपाया था और उसे बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि सीआईएसएफ की सतर्कता के कारण उसकी कोशिश नाकाम हो गई। भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को 11 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में इंचार्ज थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से औद्योगिक और सार्वजनिक परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल देने की अपील की है।
Next Story