
x
छग
Ambikapur. अंबिकापुर। अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने एक युवक को 180 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 85 हजार 760 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को थाना कोतवाली की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पर्राडांड निवासी मोहम्मद इम्तियाज अंसारी होंडा शाइन मोटरसाइकिल से प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए अग्रसेन रोड स्थित बैंक के पीछे खेत के पास आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध को पकड़कर उससे पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार युवक ने अपना नाम मोहम्मद इम्तियाज अंसारी, उम्र 27 वर्ष, निवासी पर्राडांड अंबिकापुर बताया।
इसके बाद पुलिस ने युवक के पास मौजूद मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 180 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद होने का दावा किया गया। पुलिस ने टैबलेट को जब्त करने के साथ ही घटना में इस्तेमाल होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में ले ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ की गई। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 636/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक केके यादव, आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय और शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story





