
x
छग
Kawardha. कवर्धा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 2.628 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गांजे को घर के पीछे बाड़ी में शौचालय के पास कंडे में छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान गांजा बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई है। पुलिस ने जब्त गांजा, नकदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कांपा में गिरधारी यादव के आवासीय मकान के पीछे स्थित बाड़ी में शौचालय के पास गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलने के बाद थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 43 वर्षीय तितरी बाई यादव के कब्जे से कंडे में छिपाकर रखे गए खाकी रंग के दो पैकेट बरामद किए। इसके अलावा नीले रंग के कपड़े के थैले में भी गांजा रखा मिला। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2.628 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से कथित तौर पर गांजा बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। साथ ही गांजा तौलने में इस्तेमाल की जाने वाली 10 किलोग्राम क्षमता की एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई। सभी जब्त वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Next Story





