
कोरबा। मसीही समुदाय ने कोरबा में क्रिसमस से पहले उत्साह के साथ क्रिसमस रैली निकाली। नगर के सभी चर्चों में 24 दिसंबर की रात आयोजन होंगे, जिसके बाद मध्यरात्रि में प्रभु यीशु के आगमन की खुशियां मनाई जाएंगी।
यह रैली प्रभु यीशु के जन्म की खुशी मनाने और उनके संदेश को फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। रैली में युवाओं की टोली विशेष रूप से उत्साहित दिखी, जो नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रही थी। लगभग आधा किलोमीटर तक सड़क भीड़ से पटी हुई थी। यह उत्सव 4.30 घंटे तक चला और देर रात तक जश्न जारी रहा। शनिवार सुबह भी केसीडब्ल्यूसी के अनुयायियों ने शहर में एक और मसीही रैली निकाली।
यह जिला स्तरीय रैली मेनोनाइट चर्च से शुरू होकर सुभाष चौक निहारिका तक गई, और फिर ओपन थिएटर घंटाघर पहुंची। घंटाघर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रैली में शामिल पादरियों ने शहर के हर चौक-चौराहे पर अमन-चैन की प्रार्थना की और प्रभु यीशु के आगमन का संदेश दिया। रैली में युवक-युवतियों की भागीदारी अधिक रही।





