छत्तीसगढ़

चिरायु ने बदली मासूमों की ज़िंदगी, मिला सामान्य जीवन

Nil dhankar
28 July 2026 5:46 PM IST
चिरायु ने बदली मासूमों की ज़िंदगी, मिला सामान्य जीवन
x

बलौदाबाजार। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम-चिरायु द्वारा जिले में बच्चों की सेहत को लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इस कड़ी में विकासखंड भाटापारा में हाल में ही तीन बच्चों के अलग-अलग प्रकार के ऑपरेशन हुए जिससे उनकी बदली और सामान्य जीवन मिला।

ग्राम परसवानी ख की 5 माह की बच्ची उर्मी यादव जन्म से ही कटे हुए होंठ से पीड़ित थी, ऐसे ही ग्राम धनेली की 9 साल की बच्ची खुशबू ध्रुव को कटे हुए तालु की शिकायत थी।खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र माहेश्वरी के अनुसार उक्त दोनों ही जन्मजात विकार हैं । ऐसी स्थिति में बच्चे को बोलने ,खाने पीने की समस्या बनी रहती है । कान में संक्रमण की भी आशंका होती है। दोनों ही बच्चियों के ऑपरेशन रायपुर के एक बड़े निजी अस्पताल में कराए गए जिससे वह सामान्य जीवन जी सकें ।

एक अन्य प्रकरण में ग्राम सेमरिया घाट की एक नवजात बालिका को जन्म से ही क्लब फूट की शिकायत पाई गई । इस विकार में बच्चे का एक या दोनों पैर जन्म के समय ही टेढ़ा-मेढ़ा और मुड़ा हुआ होता है। इसमें बच्चे को चलने -फिरने में दिक्कत होती है। उक्त बालिका का ऑपेरशन जिला अस्पताल बलौदाबाज़ार में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ कल्याण कुरुवंशी के किया।

एक बच्चे के परिजन देवचरण ध्रुव के अनुसार इलाज के पश्चात अब बच्ची स्वस्थ है। इलाज पूरी तरह से निशुल्क रहा है जबकि निजी अस्पताल में इसके लिए काफी पैसे लगते। सीएमएचओ डॉ राजेश अवस्थी के अनुसार चिरायु टीम स्कूलों और आँगन बाड़ी केंद्रों में लगातार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करती रहती है। किसी रोग से ग्रसित होने पर उन बच्चों का इलाज निःशुल्क किया जाता है। उक्त बच्चों की पहचान और उपचार भाटापारा चिरायु की बी टीम द्वारा किया गया जिसमें डॉ सारा राम,डॉ सेवक राम साहू,बिंदु चौहान ,वंदना वर्मा और अंजू साहू सम्मिलित हैं।

Next Story