छत्तीसगढ़

रेलवे ठेकेदार की लापरवाही पर भड़के सभापति, वाहन जब्त करने के निर्देश

Shantanu Roy
15 Nov 2026 1:31 PM IST
रेलवे ठेकेदार की लापरवाही पर भड़के सभापति, वाहन जब्त करने के निर्देश
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे विकास कार्यों के लिए अनुबंधित ठेकेदार आरवि कंस्ट्रक्शन की लापरवाही को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से फाफाडीह चौक तक मुख्य सड़क और रोड डिवाइडर पर भारी मात्रा में मिट्टी एवं गंदगी फैलाने के मामले में नगर निगम जोन-2 द्वारा जारी नोटिस और 25 हजार रुपये के जुर्माने की कार्रवाई का भी ठेकेदार पर कोई असर नहीं पड़ा है। ठेकेदार ने न तो निगम की नोटिस का जवाब दिया और न ही जुर्माने की राशि जमा की। इस पर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे विकास कार्यों के लिए अनुबंधित आरवि कंस्ट्रक्शन द्वारा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से फाफाडीह चौक तक मुख्य सार्वजनिक सड़क मार्ग और डिवाइडर पर भारी मात्रा में मिट्टी एवं धूल फैलाई गई थी। इसके चलते आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को संज्ञान में लेते हुए नगर निगम जोन-2 के जोन कमिश्नर पीडी धृतलहरे ने 7 नवंबर 2026 को संबंधित रेलवे ठेकेदार को लिखित नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही ठेकेदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।
निगम की कार्रवाई के बावजूद संबंधित ठेकेदार ने अब तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इसके अलावा जुर्माने की राशि भी नगर निगम जोन-2 में जमा नहीं कराई गई है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर फैलाई गई मिट्टी, धूल और गंदगी को हटाने के लिए भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते मुख्य मार्ग पर लगातार जनअसुविधा की स्थिति बनी रही। रेलवे ठेकेदार की लापरवाही से उत्पन्न समस्या को देखते हुए नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने स्वयं मौके पर खड़े होकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाई। दीपावली पर्व के पूर्व सभापति ने नगर निगम जोन-2 की टीम को बुलवाकर व्यापक सफाई अभियान चलवाया था। इस दौरान रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से रमण मंदिर वार्ड क्रमांक-14 के अंतर्गत फाफाडीह चौक तक सड़क पर जमा धूल और गंदगी को हटवाया गया था।
वहीं, दीपावली पर्व के बाद सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने एक बार फिर स्वयं मौके पर उपस्थित होकर जेटिंग मशीन के माध्यम से रेलवे स्टेशन से फाफाडीह चौक तक मुख्य मार्ग की सुव्यवस्थित धुलाई करवाई। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीम द्वारा सड़क की सफाई और धुलाई का कार्य किया गया। संबंधित रेलवे ठेकेदार की लापरवाही के कारण नगर निगम रायपुर को जनहित में इस कार्य के लिए आकस्मिक राशि व्यय करनी पड़ी। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने आरवि कंस्ट्रक्शन के लापरवाहीपूर्ण रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने जोन-2 के जोन कमिश्नर पीडी धृतलहरे को संबंधित रेलवे ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही ठेकेदार से संबंधित वाहन नगर निगम क्षेत्र की सड़क पर दिखाई देने पर नियमानुसार तत्काल जब्त करने की कार्रवाई करने को कहा है। सभापति ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को भी मामले का तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आयुक्त से संबंधित रेलवे ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करवाने को कहा है। गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन से फाफाडीह चौक तक का मार्ग राजधानी का प्रमुख सार्वजनिक मार्ग है। इस मार्ग पर ठेकेदार द्वारा फैलाई गई मिट्टी और धूल को हटाने के लिए निगम को स्वयं सफाई अभियान चलाना पड़ा। नोटिस जारी होने और जुर्माना लगाए जाने के बावजूद ठेकेदार द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर अब नगर निगम सभापति ने सख्ती दिखाई है। सभापति के निर्देशों के बाद संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निगम अधिकारियों को सौंपी गई है।
Next Story