छत्तीसगढ़

CGPSC मुख्य परीक्षा, कलेक्टर ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

Nilmani Pal
6 Jun 2026 5:51 PM IST
CGPSC मुख्य परीक्षा, कलेक्टर ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
x

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा शनिवार 6 जून से प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह आज परीक्षा शुरू होने के पहले प्रातः 8.30 बजे शासकीय पालेटेक्निक कालेज दुर्ग परीक्षा केंद्र पहुँच कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्राध्यक्ष को आयोग के मार्गदर्शी निर्देशों के तहत बेहतर ढंग से परीक्षा संचालन के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए केंद्र में आवश्यक सुविधाएं पेयजल, रोशनी, पंखे आदि की प्रबंध करने कहा।

परीक्षा केंद्र में कुल 436 परीक्षार्थियों के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर ने परीक्षा कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शीतलन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। केंद्र में तीन दिव्यांग प्रतिभागियों तथा उनके सहयोगियों (स्क्राइब) के लिए अलग-अलग कक्षों में परीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे वे बिना किसी असुविधा के परीक्षा दे सकें।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में जैमर, कूलर एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर ने परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान सतर्कता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या असुविधा से बचने के लिए परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचे तथा अपने आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। इस अवसर पर परीक्षा केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

Next Story