छत्तीसगढ़
CG: धान कटाई के दौरान आंखों पर संकट, 49 लोगों ने गंवाई रोशनी
Shantanu Roy
16 Nov 2026 1:03 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इन दिनों धान की कटाई और मिंजाई का काम तेजी से चल रहा है। खेतों में किसान अपनी फसल समेटने में जुटे हुए हैं, लेकिन इस दौरान आंखों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही गंभीर परिणाम सामने ला रही है। धान की बाली और सूखे तिनकों के आंखों में लगने से संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिले में अब तक 49 लोग अंधेपन का शिकार हो चुके हैं। इनमें 14 लोगों की दोनों आंखों की रोशनी चली गई है, जबकि 35 लोगों ने अपनी एक आंख की रोशनी गंवा दी है। वहीं, संक्रमण इतना गंभीर हो गया कि दो लोगों की एक-एक आंख निकालनी पड़ी। जिला अस्पताल के नेत्र विभाग के आंकड़े चिंताजनक हैं। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आंखों से संबंधित समस्याओं को लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। जिले के कुरूद और नगरी ब्लॉक में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इन क्षेत्रों में धान की कटाई और मिंजाई के दौरान आंखों में चोट लगने के बाद संक्रमण की समस्या गंभीर रूप ले रही है।
कुरूद और नगरी ब्लॉक में सबसे ज्यादा मामले
नेत्र विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुरूद ब्लॉक में दोनों आंखों की रोशनी गंवाने वाले 10 मरीज सामने आए हैं, जबकि एक आंख से अंधेपन के 13 मरीज मिले हैं। वहीं, नगरी ब्लॉक में एक आंख की रोशनी गंवाने वाले 17 मरीजों को चिन्हित किया गया है। मगरलोड, गुजरा और धमतरी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी आंखों के संक्रमण की समस्या सामने आ रही है। बीते वर्षों में भी धान कटाई के दौरान आंखों की सुरक्षा में लापरवाही के चलते दो लोगों की आंखें निकालनी पड़ी थीं। इस वर्ष भी ऐसी घटनाएं सामने आने से चिंता बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार नहीं मिलने और गलत दवाओं के इस्तेमाल से आंखों का संक्रमण गंभीर हो सकता है।
आंखों को मलना पड़ सकता है भारी
विशेषज्ञों का कहना है कि धान की कटाई के दौरान जब बाली या सूखा तिनका आंख में चला जाता है, तो अधिकांश लोग घबराकर आंखों को तेजी से मलने लगते हैं। ऐसा करने से आंख की बाहरी पारदर्शी परत यानी कॉर्निया पर चोट लग सकती है। कॉर्निया में घाव होने से फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई बार आंखों में चोट लगने के बाद लोग विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार कराने के बजाय सीधे मेडिकल स्टोर पहुंच जाते हैं। वहां से बिना चिकित्सकीय सलाह के आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं। खासकर स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप का गलत इस्तेमाल संक्रमण को और गंभीर बना सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमण बढ़ने पर कॉर्निया को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इससे आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है। अत्यधिक गंभीर स्थिति में आंख निकालने की नौबत भी आ सकती है। कॉर्निया को नुकसान पहुंचने से होने वाले अंधेपन को कॉर्नियल ब्लाइंडनेस कहा जाता है।
कटाई और मिंजाई के दौरान जरूर पहनें चश्मा
डॉक्टरों ने किसानों को धान की कटाई और मिंजाई के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि खेतों में काम करते समय सुरक्षात्मक चश्मे का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे उड़ते हुए तिनकों, धूल और धान की बालियों से आंखों को बचाने में मदद मिलती है। यदि आंख में कोई तिनका या धूल चली जाए तो उसे हाथ से रगड़ने की कोशिश बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। आंख में केवल ढीला कचरा जाने पर साफ पानी से धीरे-धीरे धो सकते हैं। यदि तिनका आंख में फंसा हो या चोट लगी हो तो उसे स्वयं निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। डॉक्टरों ने किसानों से अपील की है कि आंखों में दर्द, लालिमा, सूजन, लगातार पानी आने या धुंधला दिखाई देने जैसी समस्या होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी आई ड्रॉप, विशेषकर स्टेरॉयड युक्त दवाओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। घरेलू नुस्खों से भी बचना जरूरी है। समय पर सही उपचार और आवश्यक सावधानियां अपनाकर आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखा जा सकता है।
Next Story





