छत्तीसगढ़

CG NEWS: व्यापारी के घर से 43 लाख की चोरी, FIR दर्ज

Shantanu Roy
26 Jun 2025 11:41 PM IST
CG NEWS: व्यापारी के घर से 43 लाख की चोरी, FIR दर्ज
x
छग
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले के​​​ अतिथि बुटिक भवन कोतरा में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी अनूप अग्रवाल के घर चोरी हुई है। चोरों ने घर की अलमारी से 40 लाख रुपए मूल्य के चार सोने के बिस्किट और 3 लाख 40 हजार कैश चुरा लिए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय अनूप अग्रवाल 22 जून को अपनी पत्नी श्यामा अग्रवाल के साथ किसी काम से रायगढ़ से बाहर गए थे। इस दौरान उनका बेटा आदित्य अग्रवाल घर पर था। आदित्य अक्सर अपने दोस्त पंडित धीरज के साथ घर पर ही रहता था।

घटना की रात आदित्य और धीरज ने पिज्जा और कोल्ड ड्रिंक मंगाकर खाया और सो गए। घर में काम करने वाले गणेश बसोड़, राहुल बसोड़ और नौकरानी रेखा महंत भी उस रात मौजूद नहीं थे। सोमवार सुबह धीरज उठकर अपने घर चला गया। अगले दिन आदित्य की तबीयत खराब हो गई, तो उसे शाम को डॉक्टर के पास ले जाया गया। मंगलवार को आदित्य को अपने माता-पिता को झारसुगुड़ा एयरपोर्ट से लाना था। इसी दौरान वह जब घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे में गया, तो देखा कि अलमारी से चार सोने के बिस्किट गायब हैं। रात में माता-पिता घर लौटे, तो आदित्य ने उन्हें घटना की जानकारी दी।

बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अनूप अपने घर के नीचे स्थित ऑफिस में गए, जहां उन्होंने देखा कि वहां की अलमारी का दरवाजा भी खुला है। उसमें रखे 3 लाख 40 हजार रुपए कैश और दो पुरानी अंगूठियां भी गायब हैं। अनूप और उनकी पत्नी घर में ही अतिथि बुटिक चलाती हैं। उन्होंने जब सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पाया कि DVR और POE उपकरण गायब हैं। कैमरों की तारें अस्त-व्यस्त पड़ी थीं। इससे यह स्पष्ट हो गया कि अज्ञात चोर ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना पर अनूप ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस मामले में डीएसपी सुशांत बनर्जी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। साइबर सेल, फोरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड सहित पुलिस की टीम जांच में जुटी है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story