छत्तीसगढ़
CG: LPG सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग पर बड़ी कार्रवाई, 54 सिलेंडर जब्त
Shantanu Roy
24 April 2026 7:02 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी सप्लाई पर असर पड़ने की खबरों के बीच देश में घरेलू गैस की आपूर्ति और प्रबंधन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एलपीजी सिलेंडरों की अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग का मामला सामने आया है, जिसके बाद खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर के सीपत चौक क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। शुक्रवार सुबह सरकंडा क्षेत्र स्थित सीपत चौक पर खाद्य विभाग की टीम ने दबिश दी, जहां अवैध गतिविधियों की पुष्टि होने पर कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
कार्रवाई का नेतृत्व एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास ने किया। टीम ने दो स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें महामाया गैस चूल्हा दुकान और एक गर्ल्स हॉस्टल संचालक का परिसर शामिल था। जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के 19 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 35 छोटे सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से 7 रिफिलिंग नोजल (बंशी), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बिना किसी वैध अनुमति के गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था और इन्हें अवैध रूप से रिफिल कर बिक्री की जा रही थी। इस गतिविधि से न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही थी, बल्कि आम लोगों की जान-माल को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में भी अवैध गैस कारोबार को लेकर चिंता देखी गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर जिले में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य विभाग के अनुसार, एलपीजी जैसे ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण गंभीर खतरे को जन्म दे सकता है। इससे आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सभी गैस एजेंसियों और वितरकों को नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में अन्य स्थानों पर भी जांच अभियान चलाया जा सकता है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। फिलहाल जब्त किए गए सिलेंडरों और उपकरणों को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Tagsबिलासपुर एलपीजी कार्रवाईगैस सिलेंडर ब्लैक मार्केटिंगसीपत चौक छापेमारीखाद्य विभाग बिलासपुरअवैध गैस भंडारणसंजय अग्रवाल कलेक्टरएलपीजी सिलेंडर जब्तीछत्तीसगढ़ समाचारBilaspur LPG actiongas cylinder black marketingSipat Chowk raidFood Department Bilaspurillegal gas storageSanjay Agarwal CollectorLPG cylinder seizureChhattisgarh news
Next Story





