छत्तीसगढ़

CG: सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा, भूमि विक्रेता गिरफ्तार

Shantanu Roy
22 Nov 2026 5:01 PM IST
CG: सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा, भूमि विक्रेता गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराकर बेचने के मामले में कापू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कापू पुलिस ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण और बिक्री के मामले में भूमि विक्रेता उजीतराम (52 वर्ष), पिता नान्हीराम, निवासी रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले पुलिस तत्कालीन पटवारी राकेश साय और रजिस्ट्री दस्तावेजों के अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो को गिरफ्तार कर चुकी है।

शासकीय जमीन को निजी नाम पर दर्ज कर बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई थी, जब कापू के तहसीलदार उन्मेश पटेल ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना और हेरफेर किए जाने का आरोप लगाया गया था। जांच में सामने आया कि ग्राम रायमेर स्थित खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख और 310/10/2 सहित अन्य शासकीय भूमि का अवैधानिक तरीके से खसरा बंटाकन किया गया। आरोप है कि बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार किए गए और बाद में दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।

पटवारी समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन अन्य व्यक्तियों को अंतरित की गई। मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के खिलाफ थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पहले पटवारी और अनुप्रमाणक साक्षी की हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने 2 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किया था। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी अगस्तुस खलखो (43 वर्ष), पिता अलोइस छंदू खलखो, निवासी पोराडाही को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने रजिस्ट्री दस्तावेजों में अनुप्रमाणक साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

मुखबिर की सूचना पर गांव से पकड़ा गया उजीतराम
इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि फरार आरोपी उजीतराम अपने गांव रायमेर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का अन्य व्यक्ति के पक्ष में अंतरण किया गया। आरोपी ने जमीन की बिक्री के लिए कैलाश जेठवानी को मुक्तारनामा देने और उसके माध्यम से बिक्री कराए जाने की बात भी बताई।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी कापू पुलिस
पुलिस के अनुसार, विवेचना में उजीतराम की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस प्रकरण में अब तक तत्कालीन पटवारी, अनुप्रमाणक साक्षी और भूमि विक्रेता सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कापू पुलिस का कहना है कि मामले में शेष फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत उनकी पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
Next Story