
x
छग
Durg. दुर्ग। जिले के अंडा थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिविल ठेकेदार रोशन लाल साहू (38) की मौत हो गई। तेज रफ्तार 407 वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए ठेकेदार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रोशन लाल साहू ग्राम रिसामा के निवासी थे और क्षेत्र में सिविल निर्माण कार्यों का ठेका लेते थे। रविवार को वे अपने निजी कार्य से अंडा गांव गए हुए थे। शाम करीब 5 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LY 9538 से वापस रिसामा लौट रहे थे।
इसी दौरान अंडा शराब भट्टी से आगे एक मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही लकड़ियों से लदी 407 वाहन क्रमांक CG 07 CA 9645 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन काफी तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन लाल साहू कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाहन की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दुर्घटना करने वाला वाहन अंडा क्षेत्र की एक आरा मिल से संबंधित है। बताया गया कि चालक हादसे के बाद सीधे आरा मिल पहुंचा और वाहन में लदी लकड़ियों को उतार दिया। जब परिजनों ने वाहन का निरीक्षण किया तो उसमें खून के निशान और दुर्घटना के स्पष्ट सबूत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार चालक की तलाश की जा रही है। वाहन मालिक और संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे से रिसामा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। रोशन लाल साहू क्षेत्र में एक सक्रिय ठेकेदार के रूप में जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार और परिचितों को गहरा आघात पहुंचा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Next Story





